JABALPUR NEWS- पुलिस वालों के बच्चों में गैंगवार, एक की मौत

जबलपुर। SAF पेट्रोल पंप के सामने रविवार रात 11:00 बजे पुलिस वालों के बच्चों में गैंगवार हो गई। चार लड़कों ने गैंग बनाकर एक लड़के को रोका और उसकी हत्या कर दी। मृतक और आरोपी सभी के पिता पुलिस में हैं।

रांझी पुलिस के मुताबिक छठवीं बटालियन SAF में नारायण बहादुर थापा प्लाटून कमांडर हैं। उनके 30 वर्षीय बेटे का नाम रोहित थापा है। रविवार की रात गांधी व्यायाम शाला से जिम करके लौट रहा था। पेट्रोल पंप के सामने मामा किराना स्टोर के पास रात 11 बजे के लगभग उसे संजय थापा, अभिषेक बहादुर, मनीष और सोनू ने रोका। चारों शराब पिए हुए थे। रोहित का शेष चारों के साथ विवाद शुरू हुआ और इसी दौरान उन्होंने चाकू मार दिया।

चाकू मारने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल रोहित थापा ने खुद अपने भाई सुमित थापा को फोन पर हमले की सूचना दी। सुमित अपने दोस्तों के साथ घटनास्थल पर आया और रोहित को अस्पताल ले गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस परिवार से जुड़े हैं आरोपी

प्लाटून कमांडर के बेटे रोहित की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी भी पुलिस परिवार से जुड़े हुए हैं। चारों आरोपियों में से 2 के पिता छठवीं बटालियन में ही पदस्थ हैं, जबकि दो के पिता रिटायर हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने चारों आरोपियों को देर रात ही हिरासत में ले लिया है। चारों से पूछताछ की जा रही है। जबलपुर की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया JABALPUR NEWS पर क्लिक करें.


from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/3CZuOrZ