कवरेज इण्डिया न्यूज डेस्क भदोही।
सीतामढ़ी। सीतामढ़ी स्थित महर्षि वाल्मीकि घाट पर गंगा नदी में गत गुरुवार को डूबी श्रेया उर्फ बरखा सिंह 20 वर्ष का शव पुलिस को 42 घंटे बाद शनिवार को डूबने वाले स्थान से औसतन तीन सौ मीटर पूरब उतराया मिला। बता दें कि घटनास्थल निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर श्री रामकरन के द्वारा दिये गए निर्देश पर कोइरौना प्रभारी निरीक्षक व चौकी प्रभारी सीतामढ़ी विनोद तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार गम्भीरता के साथ मृतका की लाश के बरामदगी हेतु प्रयासरत थी। महाजाल, गोताखोर व जलपुलिस के माध्यम से शव की खोज करा रही पुलिस को गुरुवार व शुकवार को कामयाबी नही मिल सकी। अंततः शनिवार तड़के पुलिस को शव घटनास्थल के पास ही उतराया मिला। जानकारी देते हुए चौकी प्रभारी विनोद तिवारी ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग छह बजे सीतामढ़ी घाट पर पहुंचीं पुलिस को मृतका की लाश घटनास्थल से करीब 3 सौ मीटर दूर श्मशान घाट पर उतराई मिली। जिसे कागजी कार्रवाई पूर्ण कर पोस्टमार्टम जांच हेतु भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि पर्यटनस्थली सीतामढ़ी के महर्षि बाल्मीकि घाट पर बीते गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे नहा रही 20 वर्षीय युवती की गंगा में डूब जाने से मौत हो गई थी। गोताखोरों के अथक प्रयास के बावजूद देर शाम तक शव को बरामद नहीं किया जा सका था। भटहर मीरगंज जौनपुर की निवासिनी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा मृतका श्रेया सिंह उर्फ बरखा 20 पुत्री पप्पू सिंह अपने भाई व जीजा नवीन सिंह समेत अन्य परिजनों के साथ गुरुवार को सीता समाहित स्थल सीतामढ़ी में दर्शन व पर्यटन करने आई थी। वह करीब 11 बजे परिजनों के साथ गंगा स्नान कर रही थी लेकिन जरा-सी लापरवाही व हुड़दंगई प्राणघातक सिद्ध हुई। श्रेया नहाते-नहाते गहरे पानी में चली गई और तैरना न जानने की वजह से वह डूब गई।
Social Plugin