REWA में कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पूरे परिवार ने पी लिया | MP NEWS

रीवा। रीवा जिले के घुमा गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां अशोक प्रजापति नाम के शख्स ने कर्ज की वजह से अपने पूरे परिवार के साथ जहर पी लिया। जिसमें पति, पत्नी और 14 साल के बेटे की मौत हो गई है। जबकि एक बेटी अनीता और बेटा संदीप को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। 

बीती रात अशोक प्रजापति घर में कोल्ड ड्रिंक की बोतल लेकर गया था, जिसमें उसने जहर मिलाया और अपनी पत्नी सुनीता प्रजापति, पुत्र अनिल व सुनील के अलावा पुत्री अनीता प्रजापति को पिला दिया। इसके बाद उसने खुद भी वो जहर पी लिया। जहर पीने ने कुछ देर बाद सबकी हालत बिगड़ने लगी। जब तक परिजनों को घटना की जानकारी होती तब तक अशोक प्रजापति की मौत हो चुकी थी।

वहीं चार लोगों को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां अशोक की पत्नी सुनीता प्रजापति ने गंगेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर दम तोड़ दिया। इसके अलावा एक पुत्र अनिल प्रजापति की संजय गांधी अस्पताल में पहुंचने पर मौत हो गई। अभी फिलहाल एक पुत्र और पुत्री अस्पताल में भर्ती हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी शिवेन्द्र सिंह, सिविल लाइन टीआई शशिकांत चौरसिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों की हालत के बारे में डॉक्टर से जानकारी ली। अशोक प्रजापति (मृतक) ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया इस संबंध में अभी तक कुछ साफ पता नहीं चल सका है। हालांकि गांव में चर्चा है कि मृतक अशोक ने 3 साल पहले ईंट भट्टा लगाने के लिए कुछ रुपए उधार लिए थे, जिसे वो चुका नहीं पा रहा था। रुपए वापस करने को लेकर बढ़ रहे दबाव के कारण ही उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।


from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) http://bit.ly/2wlzbx0