भिखारिनो ने घर में घुसकर महिला के बाल काटे, जानलेवा हमला किया | GWALIOR NEWS

ग्वालियर। पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रीकला के एक घर में भीख मांगने के बहाने दो महिलाएं घुस गईं। दोनों महिलाओं ने घर की महिला के सिर के बाल काट दिए। इतना ही नहीं उसके सिर में कैंची से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद महिला को इलाज के लिए ग्वालियर रैफर किया गया है। 

भीख मांगने वाली दो महिलाएं कौन थी, कहां से आईं थी और ऐसा क्यों किया इसका पता नहीं चल सका। वहीं वारदात के बाद गांव की अन्य महिलाएं दहशत में हैं। ग्राम पड़रीकला निवासी रानी (RANI SINGH) (40) पत्नी दर्शन सिंह कौरव (DARSHAN SINGH KORAV )बुधवार को दोपहर 2 बजे अपने घर में खाना बनाने के लिए जा रही थीं तभी दो अज्ञात महिलाएं घर के दरवाजे पर आईं और रानी से भीख मांगी। रानी घर के अंदर आटा लेने चली गईं, इसी दौरान दोनों महिलाएं घर के अंदर घुसीं और रानी के हाथ पांव पकड़कर उनके सिर के पूरे बाल काट दिए। साथ ही सिर में कैंची से हमला भी किया, इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गई। 

जब रानी बेहोश हो गईं तो दोनों अज्ञात महिलाएं मौके से फरार हो गईं। इसके बाद उन्होंने पति दर्शन सिंह को घटना की जानकारी दी। इस मामले में पुलिस जांच में जुट गई है।


from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) http://bit.ly/2EpvavK