भोपाल । साध्वी प्रज्ञा सिंह की मनुहार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनाव प्रचार में जुट गईं हैं। केन्द्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती ने शुक्रवार को भोपाल के नेहरू नगर में आयोजित सभा को संबोधित किया।
सुश्री उमा भारती ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर जो अत्याचार हुए वह पुरुष भी सहन नहीं कर सकता है। एक महिला के साथ असहनीय पीड़ा, निर्ममता एवं बर्बरतापूर्वक अत्याचार हुआ। हिंदू धर्म को बदनाम करने के लिए आतंक जैसा शब्द गढा गया जो निदंनीय है। सुश्री उमा भारती ने कहा कि दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल लोकसभा सीट से साध्वी प्रज्ञा को खड़ा किया है। जैसे ही उनका नाम आया, कांग्रेसियों के पसीने छूट गए। दिग्विजय सिंह ने भगवा आतंकवाद शब्द का प्रयोग कर हिंदू संस्कृति को बदनाम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने समझौता ब्लास्ट और मक्का मस्जिद विस्फोट का फर्जी केस बनाया था। साध्वी प्रज्ञा जैसों पर आरोप मढ़ दिये और असली गुनहगारों को छोड़ दिया।
उमा भारती ने कहा कि दिग्विजय सिंह को अपनी ही सभा में तब मुंह की खानी पडी जब जनता के बीच से एक व्यक्ति को बुलाया और कहा कि मोदी सरकार ने तुम्हारे लिए क्या किया है तो उस व्यक्ति ने मोदी सरकार के कामों एवं सर्जिकल स्ट्राइक का बखान करते हुए दिग्विजय सिंह की बोलती बंद कर दी। हम धर्म के मामले में उदार हो सकते हैं राष्ट्र की अस्मिता के मामले में उदार नहीं हो सकते। यह वही दिग्विजय सिंह है जिन्होंने कहा था चुनाव विकास से नहीं मैनेजमेंट से जीते जाते हैं। आज विकास का मॉडल भोपाल की जनता को भ्रमित करने के लिए दिखाते घूम रहे हैं।
from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) http://bit.ly/2Y4nx5e
Social Plugin