भोपाल। देश में हमें ऐतिहासिक सफलता मिली है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की नीतियों एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी की रणनीति, चुनाव में लगे बूथ और पन्ना प्रमुख कार्यकर्ताओं की मेहनत को जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रत्येक घर और जनता के हृदय में अलग स्थान बनाया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री सुहास भगत ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में जिला भाजपा द्वारा आयोजित विजयी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह के स्वागत कार्यक्रम में कही।
श्री भगत ने कहा कि भोपाल की जीत के मायने अलग हैं, क्योंकि यहां हमने पूर्व मुख्यमंत्री को धूल चटाई है। उन्होंने साध्वी प्रज्ञा को साढ़े तीन लाख से अधिक वोटों से जिताने पर भोपाल की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश में हिंदुत्व को बदनाम करने के लिए जो साजिश रची गई थी, उसे भोपाल की जनता ने बेनकाब कर दिया है।
यह कर्मठ कार्यकर्ताओं के परिश्रम की जीतः साध्वी प्रज्ञा
भोपाल लोकसभा क्षेत्र से पार्टी की विजयी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं के परिश्रम की जीत है, जिन्होंने भरी दोपहरी में अपना पसीना बहाया। यह जीत राष्ट्र धर्म की जीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्रचण्ड विजय से यह स्पष्ट हो चुका है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विजन को जनता ने स्वीकारा है। उन्होंने चुनाव में लगे वरिष्ठ नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं भोपाल की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में साध्वी प्रज्ञा एवं पार्टी पदाधिकारियों ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में महापौर श्री आलोक शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विजेश लूणावत, भोपाल लोकसभा प्रभारी श्री जसवंत सिंह हाड़ा, प्रदेश प्रवक्ता श्री आलोक संजर, श्री राहुल कोठारी, डॉ. हितेष वाजपेयी, जिला अध्यक्ष श्री विकास विरानी, पूर्व विधायक श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह, श्री ध्रुवनारायण सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतागण एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) http://bit.ly/2K23Ffx

Social Plugin