उज्जैन। बजरंग दल जिला संयोजक अंकित चौबे ने निगम के जोन-5 के अधिकारी अनिल जैन पर जला ऑइल डाल दिया। मामला धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का है। घटना रविवार शाम हीरामिल क्षेत्र में बनाए गणेश विसर्जन स्थल की है। यहां बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहन में गणेश विसर्जन की पूजन सामग्री देखकर बजरंग दल कार्यकर्ता भड़क गए। घटना महापौर मीना जोनवाल की मौजूदगी में हुई। रात 10 बजे देवास गेट थाने में जैन की शिकायत पर पुलिस ने चौबे, महेश कुमावत और तीन अन्य के खिलाफ सरकारी काम में बाधा में केस दर्ज किया।
जानकारी के अनुसार बजरंग दल कार्यकर्ता ने कचरा कलेक्शन वाहन में पूजन सामग्री देखकर नाराजगी जताई। जोनल अधिकारी को तत्काल निलंबित करने की मांग की। महापौर उन्हें आश्वासन देकर अपने वाहन की ओर चल दीं। तभी चौबे ने प्लास्टिक का डब्बा जैन के सिर पर डाल दिया। उसमें से निकले अॉइल से जैन का सिर, चेहरा और हाथ काले हो गए। ऑइल साफ करने के बाद जैन रवाना हो गए।
बजरंग दल जिला संयोजक अंकित चौबे ने बताया निगम ने पिछले साल भी गणेश प्रतिमाओं को एकत्र करने के लिए गंदे वाहनों का उपयोग किया था। शनिवार को एडीएम जीएस डाबर से आग्रह किया था कि वे धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाने के निर्देश दें। दोपहर 2.45 बजे हीरा मिल क्षेत्र के तालाब पर कचरा कलेक्शन वाहन खड़ा था। इसमें त्रिवेणी सेे पूजन सामग्री के साथ भगवान की तस्वीरें भी लाई गई थी। महापौर के सामने आपत्ति जताई।
महापौर मीना जोनवाल ने कहा - कार्यकर्ताओं ने कचरा कलेक्शन वाहन के बारे में बताया था लेकिन वाहन कहां से आया मुझे पता नहीं। कार्यकर्ताओं से इसी संबंध में चर्चा चल रही थी। मैंने कहा था- संबंधित निगमकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इसके बाद मैं अपने वाहन की ओर मुड़ गई। कुछ देर बाद निगम के कर्मचारियों ने बताया कि जोनल अफसर जैन के साथ अभद्रता की है। यह व्यवहार गलत है। इस संबंध में संगठन स्तर के साथ उच्च अधिकारियों को भी शिकायत की जाएगी।
निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने कहा- बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोनल अफसर के साथ अभद्रता की। उन्हें कोई शिकायत थी तो वे फोरम में दर्ज कराते। वे खुद कार्रवाई कैसे कर सकते हैं। उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया है।
from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/2Iaq0o5

Social Plugin