ट्रेनिंग के नाम पर पैसा निकालकर जनआशीर्वाद यात्रा पर खर्च कर रही है सरकार: दिग्विजय सिंह | MP NEWS

इंदौर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सीधा आरोप लगाया है कि सीएम शिवराज सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा पर सारा पैसा सरकारी खजाने से खर्च किया जा रहा है जबकि इसका खर्चा पार्टी फंड से होना चाहिए था। उन्होंने बताया कि ट्रेनिंग के नाम पर बजट निकालकर जन आशीर्वाद यात्रा में खर्च किया जा रहा है। 

यात्रा में भीड़ भी प्रशासन जुटा रहा है
मंगलवार को उन्होंने संवाददाताओं से कहा- यात्रा के लिए सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पटवारी, ग्राम सेवकों और अन्य लोगों को टारगेट दिए गए हैं। भाजपा के कार्यकर्ता कलेक्टर पर दबाव डाल रहे हैं, चंदा वसूल रहे हैं। यात्रा में कार्यकर्ता नजर ही नहीं आते। बता दें कि यात्रा के दौरान यूनिफार्म में स्कूली बच्चे, स्काउट गाइड साफ नजर आते हैं। इसके अलावा हितग्राहियों के दल भी इस दौरान नियमित रूप से नजर आ रहे हैं। 

धर्म का सम्मान होना चाहिए, धर्म पर राजनीति नहीं
दिग्विजयसिंह मंगलवार शाम को दिल्ली से इंदौर आए और एयरपोर्ट से सीधे अखंडधाम एक कार्यक्रम में पहुंचे। यहां सावन माह के उपलक्ष्य में एक कार्यकर्ता द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उन्होंने धर्मगुरुओं का सम्मान किया। साथ ही कहा कि धर्म का उपयोग राजनीति के लिए नहीं किया जाना चाहिए। सभी धर्मों का सम्मान करने की भावना मन में रखें। बाद में वे कांग्रेस नेता सुवेग राठी के घर पहुंचे। यहां पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनकी अगवानी की। सिंह के साथ कार्यकारी अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, शरदसिंह सिसौदिया, सन्नी राजपाल आदि मौजूद थे। सिंह 22 अगस्त को शाम 6 बजे राजगढ़ के लिए रवाना होंगे।
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com


from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/2wh3LHn