फराज अंसारी, बहराइच (यूपी), NIT;
बहराइच नगर में अज्ञात नकाब पोश लुटेरों ने बडी लूट की वारदात को अंजाम दे कर पुलिस के दावों की पोल खोल कर रख दी है। बहराइच जिले में जहाँ अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं वहीं नागरिकों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात बहराइच शहर के इन्दिरा स्टेडियम स्थित हैंचरीज लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि बहराइच स्थित शाखा पर रात्रि करीब पौने बारह बजे 3 से 4 नकाबपोश बदमाशों द्वारा धावा बोलकर लाखों की लूट की गई है। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मोहकमे में हड़कम्प मच गया क्योंकि मामला शहर का था। सूचना पाकर तत्काल मौके पर पुलिस अधीक्षक सभाराज व अपर पुलिस अधीक्षक नगर अजय प्रताप द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। मामले की गम्भीरता को देखते हुए टीमें गठित कर घटना के जल्द खुलासे के लिये मातहतों को निर्देशित कर दिया गया। घटना के संबन्ध में थाना कोतवाली नगर में अभियोग संख्या 148/2018 धारा 394 आईपीसी के तहत 3-4 अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध मामला पंजीकृत कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उप महानिरीक्षक महोदय देवीपाटन मंडल भी घटना स्थल पर पहुंच गये। इसी प्रकरण में मौके का निरीक्षण करते हुए डीआईजी देवीपाटन अनिल राय, पुलिस अधीक्षक बहराइच सभाराज, अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप, क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ तोमर ने हर पहलू को परखने की कोशिश की और मामले का जल्द ही पर्दाफाश कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने की बात कही।
अब सवाल यह उठता है कि सराहनीय कार्यों का ढिंढोरा पीट सभाराज की पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिये सूनसान इलाकों में सतर्कता बरतने और पूछताछ से लेकर रात्रि गश्त तक के दावे कर रही है लेकिन उसके दावों की असल हकीकत की पोल इस तरह की घटनाएं खोल दी रही हैं। जिले में बेखौफ हो चुके अपराधियों के लिये शायद अब पुलिसिया खौफ कुछ खास मायने नही रखता दिख रहा इसकी वजह चाहे जो भी हो लेकिन लगातार हो रही इन वारदातों से अब जिलेवासियों को अपनी सुरक्षा की चिंता ज़रूर सताने लगी हैं।
from New India Times https://ift.tt/2u0v3Rl
Social Plugin