संदिग्ध परिस्थिति में जलकर विवाहिता की मौत, ससुराल पक्ष के लोग फरार


सीतामढ़ी (भदोही) से रामकृष्ण पाण्डेय की रिपोर्ट। थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई घटना से जहां एक घर के लोग फरार हैं घर वीरान पड़ा है, वहीं रिश्ते के दूसरे घर में मातम पसरा हुआ है, अगर कुछ सुनाई दे रहा है तो सिर्फ रोने-बिलखने की आवांजें। दर्शल मामला कोइरौना क्षेत्र के दुगुना गांव का है जहां विवाहिता पिंकी उर्फ ननकी 22 पत्नी तूफानी उर्फ विजय यादव की शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जलकर मौत हो गई। बता दें कि करीब ढ़ाई वर्ष पूर्व कोइरौना थाना क्षेत्र के धनतुलसी गांव निवासी भुईधर यादव की पुत्री पिंकी की शादी हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार कोइरौना क्षेत्र के ही दुगुना गांव में तूफानी यादव पुत्र रामचरन यादव के साथ बड़े ही धूमधाम के साथ हुई थी। दोनों को एक 8 माह का पुत्र भी है। बीच में किन्ही कारणों से मायके पक्ष व ससुराल पक्ष में मनमुटाव भी हुआ था। जिसको लेकर कुछ माह तक मायके वालों ने लड़की को विदा नही किया था।

मृतका का पति बाहर नौकरी करता है जो करीब एक सप्ताह पूर्व ही घर आया था। फिलहाल विदाई के कुछ माह बाद अचानक शनिवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार करीब 4 बजे सूचना पाने पर मायके पक्ष के लोग आनन फानन में दुगना गांव पहुंच गए। तत्पश्चात करीब 5 घण्टे बाद कोइरौना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुँच गई किंतु घर के दरवाजे पर ताला लटका हुआ था न मौके पर मृतका का शव था न ससुराल के लोग। जानकारी के अनुसार मामले को बढ़ता देख ससुराल पक्ष के लोगों ने पुलिस के दबाव में या डर वश शव को शनिवार की शाम को थाने भिजवा दिया किन्तु खुद नही आये। इस सम्बन्ध में धनतुलसी गांव निवासी मृतका पिंकी के पिता भुईधर यादव ने कोइरौना थाने में तहरीर देते हुए मृतका के पति तूफानी, सास, ससुर रामचरन व ननद प्रियंका पर आरोप लगाया है कि कई दिनों से पिंकी को दहेज की मांग को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। और शनिवार की दोपहर जलाकर मार डाला। वहीं थाना प्रभारी श्री सारनाथ सिंह ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर अपराध संख्या 498-ए, 304-बी व दहेज प्रतिषेध अधिनियम 3, 4 के तहत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दबिश दे रही है आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी। कहा कि प्रारंभिक जांच से लगता है कि विवाहिता को ससुराल पक्ष के लोगों ने जलाकर मार डाला है हालांकि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही सब कुछ साफ हो पायेगा। उल्लेखनीय है कि आमतौर पर ऐसे मामलों में पुलिस की जिस तरह सक्रियता होती है या होनी चाहिए वैसी यहां नहीं दिखी। शनिवार दोपहर का मामला देर शाम पुलिस को पता चला और रविवार तक पुलिस आरोपियों को दबोचने में कामयाब नहीं हो सकी।