पवन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

रक्तदान करना अब और भी आसान हो गया है। अब ग्रामीण क्षेत्र में कहीं पर भी शिविर लगाकर रक्तदान कराया जा सकता है। जयारोग्य अस्पताल के ब्लड बैंक को स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल, एनएचएम के सहयोग से ब्लड कलेक्शन बस मिली है। यह बस शनिवार को जेएएच पहुंची, जहां पर जेएएच अधीक्षक डाॅ. आरकेएस धाकड़ ने उसका उद्घाटन किया। डाॅ. धाकड़ का कहना था कि अभी लोग रक्तदान शिविर का आयोजन करते थे, जिसके लिए ब्लड बैंक से पूरी टीम को भेजना पड़ता था। ऐसे में रक्तदान का कलेक्शन करने में काफी परेशानी सामने आती थी और सामान लाने व ले जाने में भी समस्या रहती थी। साथ ही रक्तदान के दौरान यदि किसी मरीज को परेशानी हुई तो तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए उसे अस्पताल ही लाना पड़ता था। इसके अलावा अधिक दूरी पर शिविर का आयोजन ही नहीं करा पाते थे। पर अब ब्लड कलेक्शन एंड ट्रांसपोर्टेशन बस मिलने से इन सभी परेशानियों से राहत मिलेगी। कहीं पर भी शिविर का आयाेजन कराया जा सकेगा। वहीं पैथलाजी विभागाध्यक्ष डा. सुधा अयंगर का कहना था कि अब अनावश्यक परेशानियों से बचेंगे और सुरक्षित रक्तदान कराया जा सकेगा। इस मौके पर सहायक अधीक्षक डाॅ. देवेन्द्र कुशवाह, ब्लड बैंक प्रभारी डाॅ. शिल्पा जैन, सहायक अस्पताल प्रबंधक डाॅ. बालेन शर्मा, बायोमेडिकल इंजीनियर कमल शर्मा, मधुसुदन शर्मा, लोकेन्द्र शर्मा सहित अस्पताल स्टाफ उपस्थित थे।
from New India Times https://ift.tt/3jnh2bf
Social Plugin