INDORE: कुत्ते ने पत्नी को काटा तो पति ने गोली मार दी - MP NEWS

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक शख्स ने एक कुत्ते को इसलिए गोली मार दी, क्योंकि उसने उसकी पत्नी को काट लिया था। आधी रात को जब कुत्ता उनके घर के सामने सो रहा था, तभी वह लाइसेंसी राइफल लेकर आया। इसके बाद कुत्ते के सिर पर बंदूक रख ट्रिगर दबा दिया। कुछ देर तड़पने के बाद कुत्ते ने दम तोड़ दिया। गोली मारने वाले का कहना है कि कुत्ता पागल हो गया था। मामला द्वारिकापुरी थाने पहुंचा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।     

शिकायतकर्ता डॉ. विदित पाठक ने द्वारिकापुरी पुलिस को बताया कि बुधवार देर रात करीब सवा 12 बजे घर के सामने रहने वाले नरेंद्र विश्वइया निवासी सुदामा नगर ने कुत्ते को गाेली मारी। उन्होंने बताया कि नरेंद्र की पत्नी शाम को काम निपटाकर घर लौटी थीं। बारिश होने से वे दौड़कर घर की ओर जा रही थीं। उन्हें दौड़कर जाता देख कुत्ता भी पीछे दौड़ा और उन्हें काट लिया। इसी बात को लेकर पहले नरेंद्र ने बाहर आकर बहस की। इसके बाद देर रात राइफल लेकर आया। मेरे सामने उसके सिर पर बंदूक रखकर गोली मार दी। गोली लगते ही गर्दन से खून निकलने लगा। कुछ देर तड़पने के बाद कुत्ते ने दम तोड़ दिया।

डॉ. पाठक का कहना कि माेहल्ले के तीन -चार लोग स्ट्रीट डाॅग की देखभाल करते हैं। उन्हें पालतू कुत्ते के समान ही रखते हैं। उनके खाने से लेकर, जरूरी वैक्सीन भी लगवाते हैं। जिस काले रंग के कुत्ते को गाेली मारी है। वह भी स्ट्रीट डॉग ही था। नरेंद्र की पत्नी को काटने के बाद कुत्ता उन्हीं के घर के पास पड़ी रेत पर लेटा था। गाेली लगने के बाद हमने तत्काल इसकी सूचना डाॅग पीपल फॉर एनिमल के प्रियांशु जैन को दी। पुलिस को कॉल कर जैन के साथ अनुराग और नीतू सहित हम थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करवाई। वहीं, फरियादी ने पुलिस को बताया कि श्वान पागल हो गया था। उसने पत्नी को तो काटा ही। मुझ पर भी काटने के लिए लपका था।

सीएसपी बीपीएस परिहार का कहना है, द्वारिकापुरी क्षेत्र में रहने वाले विदित पाठक की शिकायत पर पड़ोस में रहने वाले नरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में नरेंद्र ने बताया कि वह कुत्ता उनके परिवारवालों पर हमेशा काटने दौड़ता था, इसीलिए गोली मार दी। जिससे गोली मारी गई है, वह लाइसेंसी बंदूक थी, जिसे जब्त कर लिया गया है।

03 जून को सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार


महत्वपूर्ण, मददगार एवं मजेदार जानकारियां



from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/3i8XcQW