पूरे मध्यप्रदेश में अरब सागर के बादलों की चादर, भरी दोपहर में कोहरा बरस रहा है - MP WEATHER REPORT

भोपाल समाचार। राजधानी भोपाल सहित लगभग पूरे मध्यप्रदेश के आसमान में अरब सागर से आए बादलों की चादर दिखाई दे रही है। सोमवार को भरी दोपहर में कई शहरों में कोहरा बरस रहा है। विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई है। मौसम विभाग ने भोपाल सहित मध्य प्रदेश के 7 संभागों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।

कोहरे के कारण प्रदेश में विजिबिलिटी यह रही

रतलाम में 50 से 200 मीटर, 
उज्जैन में 500 मीटर, 
भोपाल में 500 मीटर, 
पचमढ़ी में 500 मीटर, 
राजगढ़ में 1000 मीटर, 
शाजापुर में 1000 मीटर, 
इंदौर में 1000 मीटर, 
ग्वालियर में 1000 मीटर 
खजुराहो में 1000 से 2000 मीटर तक रही।

7 संभागों में हल्की बारिश का अलर्ट

भोपाल में आज भी दिन और रात के तापमान में महज 3 डिग्री का अंतर है। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.4 डिग्री सेल्सियस कम 21.0 डिग्री पर आ गया, वहीं रात का सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने भोपाल के अलावा होशंगाबाद, बैतूल, सीहोर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट समेत 7 संभागों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।

पूर्वी-पश्चिमी और पूर्वी मध्यप्रदेश में ज्यादा असर

पूर्वी-पश्चिमी और पूर्वी मध्यप्रदेश में इसका ज्यादा असर है। बीते 24 घंटे में भोपाल के अलावा सागर, होशंगाबाद, दमोह, रायसेन, बैतूल, जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा नरसिंहपुर और उमरिया में बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा मंडला में 6 मिमी बारिश हुई।

भोपाल में विजिबिलिटी 500 मीटर तक रह गई

भोपाल में सोमवार सुबह भी कोहरा रहा। यहां पर सुबह 10.30 बजे दृश्यता 500 मीटर तक रह गई थी। रविवार को इसके कारण भोपाल एयरपोर्ट पर दो फ्लाइट पर इसका असर भी रहा था। भोपाल में आज दिनभर इसी तरह हल्की बारिश और कोहरा रहेगा।

पचमढ़ी का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस

मध्यप्रदेश में अधिकांश जगह दिन के तापमान में गिरावट रही, लेकिन रात के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं है। लेकिन पचमढ़ी में रात का पारा लगातार गिर रहा है। यहां का तापमान 5 डिग्री के करीब है। रविवार रात यहां प्रदेश की सबसे सर्द रात रही। पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। इसके अलावा सभी जगह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ज्यादा रहा।

14 दिसम्बर को सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार



from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/3gJnrdQ