मो. मुजम्मिल/मो. जलील, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 चर्च मार्ग की पुलिया में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग के मजदूरों के लिए वार्ड क्रमांक 16 चर्च रोड की पुलिया दुधारू गाय की तरह है। पिछले हफ्ते भारी बरसात एवं बाढ़ से पुलिया के ऊपर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे जिसे 2 दिनों तक चार मजदूरों द्वारा मरम्मत का कार्य किया गया। मरम्मत का कार्य अत्यधिक घटिया स्तर का था जो पहली बरसात में ही धराशाई हो गया। थोड़ी सी बरसात में दोबारा पुलिया के ऊपर से बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई देने लगे और पुलिया गड्ढों में तब्दील हो गई है। विभाग द्वारा किया गया कार्य लीपापोती के सिवा और कुछ नहीं है। मरम्मत के बाद एक हफ्ता भी सड़क के गड्ढे व्यवस्थित नहीं रहे। यह विभागीय लापरवाही का जीता जागता उदाहरण है। नगर का यह प्रवेश मार्ग अति व्यस्त सड़क मार्ग है जिससे होकर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में आवागमन होता है। इस पुलिया से नगर के सभी शासकीय कार्यालय आने जाने का प्रमुख रास्ता है। यह पुलिया अंग्रेजों के दौर की बनाई गई है जो अत्यधिक जर्जर अवस्था में है जिसके नवनिर्माण की बात अनेकों बार समाचारों के माध्यम से उठाई गई है उसके बाद भी इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पुलिया एवं सड़क की मरम्मत में लापरवाही होने से क्षेत्र की जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उच्च अधिकारियों से जनापेक्षा है कि ऐसे घटिया काम कराने वाले कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई किया जाना आवश्यक है जिससे शासन के धन का दुरुपयोग ना हो सके।
from New India Times https://ift.tt/2EbLC5P
Social Plugin