अकबरपुर सामुदायिक शौचालय की समस्या को लेकर अधिकारी ने लिया संज्ञान

गणेश मौर्य, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

जिले की अकबरपुर नगरपालिका स्वच्छ भारत अभियान को पलीता लगा रही है, एक तरफ केंद्र की मोदी सरकार स्वच्छ भारत अभियान को बढ़ावा दे रही है वहीं दूसरी तरफ अकबरपुर नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 नेहरू नगर लोरपुर ताजन का सामुदायिक शौचालय में स्वच्छता अभियान की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रहा हैं। वार्ड क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया शौचालय इन दिनों लोगों की आफत का कारण बना हुआ है। इस शौचालय में पिछले कई महीनों से गंदगी का अंबार लगा हुआ है जिससे स्थानीय लोगों को शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है।

स्थानीय वार्ड सभासद दुर्गावती प्रतिनिधि घनश्याम ने बताया कि नगरपालिका प्रशासन द्वारा इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। 2 साल पहले लाखों रुपए की लागत से लोगों की सुविधा के लिए शौचालय बनाया गया था। शौचालय तो बना दिया गया लेकिन अब इसकी सुध लेना ही भूल गए हैं। शौचालय की बेहतर रख रखाव के लिए एक व्यक्ति भी रखा गया। कुछ महीनों तक तो सब कुछ ठीक ठाक रहा लेकिन धीरे धीरे कर्मी की लापरवाही के कारण आज लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। शाैचालय गंदगी से भरा हुआ है। पुरुष शौचालय का यह आलम है कि फर्श पर गंदा पानी जमा रहता है, लोग कपड़े से मुंह ढ़क कर उसके ऊपर से चल कर शौच करने जाते हैं। इस शौचालय के चारों और बदबू ही बदबू फैली हुई है, पास खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है लेकिन संबंधित नगरपालिका अधिशासी अधिकारी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं सभासद प्रतिनिधि डॉक्टर घनश्याम ने बताया कि इस शौचालय में गंदगी भरे होने के कारण लोगों ने अब खुले में ही शौच करना शुरू कर दिया है। सबसे ज्यादा परेशानी तो महिलाओं को होती है।

इस संबंध में अधिशासी अधिकारी से जब बात हुई तो उन्होंने बताया कि ऐसी शिकायतें बराबर आया करती हैं और समस्या को संज्ञान में लेते हुए कार्यवाही भी होती है। दूसरी बात शौचालय का उपयोग करने वालों को भी विशेष ध्यान रखना पड़ेगा। कुछ शरारती तत्वों द्वारा टोटी तोड़ना, बल्ब चोरी करना, बेवजह टंकी का पानी खोल देना, शौचालय के अंदर पॉलिथीन डिब्बा कपड़ा डाल देने से शौचालय भर जाता है, इसके लिए सभी को जागरूक होना जरूरी है।



from New India Times https://ift.tt/2Y9vvN8