भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का सबसे प्रसिद्ध शैक्षणिक संस्थान 'मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान' की कुर्की कर दी गई है। नगर निगम भोपाल में 2.89 करोड़ रुपए के लिए मैनिट की कुर्की की। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निगम मैनिट भोपाल की प्रॉपर्टी की नीलामी करेगा और उससे मिली रकम से वसूली करेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनिट पर सेवा प्रभार और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का दो साल का 2 करोड़ 89 लाख 24 हजार 149 रुपए बकाया होने पर नगर निगम ने कुर्की कर दी। जोन-18 के जोनल अधिकारी शैलेष चौहान ने बताया कि दो साल पहले तक मैनिट 35 लाख रुपए टैक्स देता था, लेकिन जीआईएस सर्वे के बाद यह राशि 1 करोड़ 20 लाख हो गई। दो साल से भुगतान नहीं होने पर नोटिस जारी किए गए। अधिभार सहित दो वर्ष का टैक्स 2 करोड़ 89 लाख रुपए बकाया है।
चौहान शुक्रवार को दोपहर में मैनिट पहुंचे। लेकिन मैनिट प्रबंधन द्वारा राशि जमा करने से इनकार करने पर कुर्की कर दी गई। सेवा शुल्क की वसूली के लिए निगम ने पिछले साल भी दबाव बनाया था लेकिन सफलता नहीं मिली थी। पिछले दिनों मैनिट परिसर में कोलार पाइप लाइन बिछाने को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी थी। मैनिट पाइप लाइन के किराए की मांग कर रहा था और निगम इसके लिए राजी नहीं था। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद निगम को वहां पाइप लाइन बिछाने की अनुमति मिली।
from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/2LWaHCx

Social Plugin