सपाक्स के हीरालाल, दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे | MP NEWS

भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनाव मैदान में सपाक्स पार्टी अपने सबसे मजबूत योद्धा हीरालाल त्रिवेदी को उतारेगी। सपाक्स की समन्वय समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया। सपाक्स के पक्ष में बात करने वाले नेताओं के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला भी किया गया। ऐसे नेताओं में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और पूर्व राज्यसभा सदस्य रघुनंदन शर्मा के नाम बताए गए।

माना जा रहा है कि दिग्विजय सिंह भोपाल या इंदौर से चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे में सपाक्स के अध्यक्ष हीरालाल त्रिवेदी उनकी सफलता में रोड़ा बनने की कोशिश करेंगे। दरअसल, ऐसा कर पार्टी अपने गुस्से का इजहार करना चाहती है, क्योंकि दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में ही मध्य प्रदेश में आरक्षण विधेयक पारित किया गया था और उसके बाद ही सामान्य, पिछड़ा वर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों की तरक्की के रास्ते बंद हो गए। इसे देखते हुए समन्वय समिति ने इस चुनाव में दिग्विजय सिंह के खिलाफ पूरी ताकत झोंकने का इरादा कर लिया है।

पार्टी की समन्वय समिति की बैठक मंगलवार को हुई थी। इस बैठक में सपाक्स संगठन के पदाधिकारी भी शामिल हुए थे। वहीं समन्वय समिति ने नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और पूर्व राज्यसभा सदस्य रघुनंदन शर्मा के खिलाफ अपने प्रत्याशी को नहीं उतारने का भी फैसला लिया है।

समिति का कहना है कि दोनों ही नेता समय-समय पर पार्टी का पक्ष रखते रहे हैं। वे पार्टी के प्रति सहानुभूति भी रखते हैं, इसलिए पार्टी उन्हें चुनौती नहीं देगी। उल्लेखनीय है कि सपाक्स पार्टी मप्र की 15 व देश के सात राज्यों की 56 सीटों से पार्टी के प्रत्याशी मैदान में उतार रही है।


from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/2OiyfRT