राहुल गांधी की अगुवाई में राममंदिर निर्माण किया जाएगा: धर्मस्व मंत्री | NATIONAL NEWS

भोपाल। पिछले कुछ समय से कांग्रेस, भाजपा से उसके मुद्दे छीन रही है। मंदिर दर्शन, सॉफ्ट हिंदुत्व, न्यूनतम आय गारंटी योजना के बाद अब अयोध्या मंदिर विवाद भी छीनने की शुरूआत हो गई है। मध्यप्रदेश के जनसंपर्क एवं धर्मस्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में राहुल गांधी की अगुवाई में अयोध्या की विवादित राम जन्म भूमि स्थल पर राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा। मंत्री शर्मा टीकमगढ़ जिले के ओरछा में एक दिवसीय प्रवास पर आए थे। बता दें कि ओरछा में रामाराजा सरकार का प्राचीन एवं विश्व​प्रसद्धि मंदिर है। 

पीसी शर्मा ओरछा में यात्री सेवा सदन के भूमिपूजन में शामिल होने आए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर मुद्दे को हमेशा उलझाया है और वोट बैंक की राजनीति के लिए इसे इस्तेमाल किया है। जबकि राजीव गांधी के कांग्रेस शासन काल में विवादित रामजन्म भूमि के ताले खोलकर उसमें पूजा अर्चना शुरू की गई थी। इसलिए कांग्रेस ही इस मुद्दे का हल निकालेगी। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर भी मौजूद रहे।

अयोध्या में गैर-विवादित भूमि के लिए सरकार की पहल
मंत्री शर्मा ने कहा कि अन्य पार्टियां धर्म के नाम पर राजनीति करती हैं और कांग्रेस सभी धर्मों का हृदय से सम्मान करती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा मुद्दों को उलझाने का काम करती आई है। अयोध्या में जल्दी ही राहुल की अगुवाई में राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा। भाजपा ने अब तक राम मंदिर को सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए इस्तेमाल किया है। 

भूमिपूजन किया: 
ओरछा के लक्ष्मीनारायण मंदिर के पास 96 लाख की लागत से साढ़े सात एकड़ भूमि पर यात्री सेवा सदन का शनिवार को भूमिपूजन केबिनेट मंत्री पीसी शर्मा और वाणिज्यकर मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर ने किया। साथ ही मन्दिर के पुजारियों का शॉल श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। यह सेवा सदन ओरछा की रामभक्त रानी कुंवर गणेश के नाम पर मप्र तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण द्वारा बनाया जा रहा है। 


from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) http://bit.ly/2Bgg22k