बलिया में चिकित्सक से तीन करोड़ रूपए रंगदारी की मांग

बलिया। शहर के महिला अस्पताल के सामने स्थित नर्सिंग होम में हड्डी रोग विशेषज्ञ से गुरुवार को सुबह बदमाशों ने तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है. इस सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. इस घटना से चिकित्सक परिवार भी भय के साये में है. बदमाशों ने चिकित्सक के नर्सिंग होम के काउंटर पर धमकी भरा लिफाफा रखकर इसकी जानकारी मोबाइल फोन से चिकित्सक के भाई को दी. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

नर्सिंग होम में गुरुवार की भोर में चार बजे के आसपास एक युवक मास्क लगाए पहुंचा. इसके बाद पर्चा काउंटर पर एक लिफाफे में धमकी भरा पत्र रख कर चल गया. तीन घंटे बाद वह बदमाश नर्सिंग होम के प्रबंधक व चिकित्सक के अनुज के मोबाइल पर फोन किया. यह फोन चिकित्सक के अनुज की पत्नी ने उठाया. बदमाश ने पूछा कि आपको कोई पत्र मिला है. इस पर पत्नी ने कहा कि किस तरह का पत्र. इसके बाद बदमाश ने कहा कि पत्र देंखे आप, सभी के होश उड़ जाएंगे. इसकी जानकारी पत्नी ने अपने परिवार को दी.

चिकित्सक ने दोपहर में मरीजों को देखने के बाद स्टाफ से पत्र के बारे में पूछताछ की. इस पर स्टाफ ने बंद लिफाफा लाकर दे दिया. इसमें बदमाशों ने चिकित्सक से तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के साथ ही धनराशि नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है. एक वाट्सएप नंबर भी उस पत्र पर अंकित है. जिस पर पैसा देने की तैयारी पूर्ण होने पर सूचना देने की बात कही गई है. इस पत्र को देखने के बाद चिकित्सक परिवार ने एसपी देवेंद्र नाथ से मिलकर रंगदारी मांगने वाले पत्र के बारे जानकारी दी. पुलिस सक्रिय हो गई. देर शाम सदर कोतवाल शशिमौलि पाण्डेय मौके पर पहुंचे और नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की. पत्र पर लिखा वाट्सएप नंबर आस्ट्रेलिया का निकला. पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है.

इस बावत पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र नाथ ने बताया कि चिकित्सक ने रंगदारी मांगने की घटना की जानकारी दी है. पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. इसके लिए पुलिस टीम लगाई गई है. जल्द ही इसका खुलासा कर लिया जाएगा. इस दिशा में पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं.

The post बलिया में चिकित्सक से तीन करोड़ रूपए रंगदारी की मांग appeared first on बलिया LIVE.



from बलिया LIVE http://bit.ly/2GwqDcH
via IFTTT