भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के नीति निर्धारक दिग्विजय सिंह का कहना है कि भाजपा के भ्रष्ट नेता अब कांग्रेस में आना चाहते हैं ताकि वो संभावित कानूनी कार्रवाईयों से बच जाएं, लेकिन ऐसे भाजपा नेताओं के लिए कांग्रेस के दरवाजे नहीं खुलेंगे। दिग्विजय सिंह आज राजगढ़ में पत्रकारों से बात कर रहे थे। लोकसभा चुनाव में उनकी भूमिका संबंधी सवाल पर श्री सिंह ने कहा कि मेरा तो काम हमेशा समन्वय का ही रहा है। मेरा किसी से झगड़ा ही नहीं होता। मैं तो भाजपा के नेताओं से भी समन्वय करता हूं।
BJP नेताओं की हत्याएं क्यों हो रहीं हैं
प्रदेश में हाल ही में हुई कुछ चर्चित हत्याओं को लेकर श्री सिंह ने कहा कि इन मामलों में भाजपा नेता ही शामिल हैं। मंदसौर नपाध्यक्ष की हत्या, बड़वानी के नेता की हत्या आदि में भाजपा नेताओं का ही हाथ है। 15 साल में भाजपा नेताओं ने काले धंधे किए। पैसे कमाए। जमीनों पर कब्जे किए और अपार संपत्ति लूटी है। अब ये सरकार बदलने पर अपने आप को ऐसा महसूस कर रहे हैं कि क्या करें। कई लोग अब कांग्रेसी बन रहे हैं कि हमको कांग्रेस बचा लेगी, लेकिन कांग्रेस इस झगड़े में नहीं पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि इंदौर के एक व्यापारी संदीप अग्रवाल की हत्या सुधाकर मराठा ने करवाई। उनका आरोप है कि सुधाकर मराठा विहिप, बजरंगदल का है, जो पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से खुलकर बात करता था। इसको संरक्षण था। अब परतें खुल जाएंगी भाजपा की। ऐसे लोगों पर रासुका लगाना चाहिए।
श्री सिंह ने कहा कि हम धर्म को राजनीति से अलग रखते हैं। हम चाहते हैं कि धर्म अपनी जगह रहे व राजनीति अपनी जगह रहे। धर्म की आड़ में हम न कोई चुनाव लड़ते हैं और न जीतते हैं। भाजपा केवल धर्म के नाम पर राजनीति करती है। भाजपा के पास कोई मुद्दा ही नहीं है। अब शिवराजसिंह चौहान अकेला महसूस कर रहे हैं और अपनी दुकान जमाना चाहते हैं।
from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) http://bit.ly/2DWvRg8

Social Plugin