तोगड़िया ने किया नई पार्टी का ऐलान, मध्यप्रदेश में सक्रिय | MP NEWS

इंदौर। फायर ब्रांड हिन्दू नेता एवं अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया जब से विश्व हिंदू परिषद से बाहर आए हैं, मध्यप्रदेश में तेजी से सक्रिय हुए हैं। अब उन्होंने एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की है जो भाजपा का विकल्प बनेगी। वे 9 फरवरी को दिल्ली में इस बारे में घोषणा करेंगे। तोगड़िया का मानना है कि असली भाजपाई जो विचारधारा के साथ चलते हैं, उनकी पार्टी में आ जाएंगे। 

विहिप से अलग होने के बाद प्रवीण तोगड़िया राजनीति में नई पारी करेंगे। इंदौर में मीडिया से चर्चा में उन्होंने नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा करते हुए बताया कि 9 फरवरी को वे पार्टी के नाम और उसके स्वरुप के बारे में अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी और यदि वे सत्ता में आती है तो 7 दिनों के भीतर राम मंदिर का निर्माण शुरू करेंगे।

कश्मीर में सेना पर पत्थरबाजी को लेकर हुए सवाल पर तोगड़िया ने कहा कि पत्थरबाजी को देश के खिलाफ युद्ध माना जाएगा और पत्थरबाजों से वैसा ही सलूक किया जाएगा जैसा दुश्मन देश के सैनिकों पर किया जाता है। उन पर बम गिराने से भी नहीं चूकेंगे।

तोगड़िया ने कहा कि वे 32 साल से सबके संपर्क में हैं और उनमें भाजपा के कई नेता भी शामिल हैं। सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनके साथ कौन-कौन आएगा ये समय बताएगा।उन्होंने कहा वे ईवीएम का विरोध करते हैं। जब बड़े-बड़े देश ईवीएम से मतदान को खारिज कर चुके है तो हमारे यहां इससे इनकार क्यों नही किया जा रहा।

तोगड़िया ने कहा कि केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि 550 करोड़ के राफेल में क्या बदलाव हुआ कि कीमत इतनी बढ़ गई। भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि 5 राज्यो में हारने के बाद भाजपा को स्वर्णो के आरक्षण की याद आई। करना ही था तो सत्ता में आते ही करना था।


from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) http://bit.ly/2sNZEl7