अबरार अहमद खान, भोपाल (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ के छिन्दवाड़ा पहुंचने पर नागरिकों ने जन आभार रैली में उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। कमलनाथ के स्वागत के लिये अपार जनसमुदाय इमलीखेड़ा हवाई पट्टी के बाहर उमड़ पड़ा। लोगों में आत्मीय स्वागत की आतुरता स्पष्ट देखने को मिली।
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए हवाई पट्टी से जन आभार रैली में पोला ग्राउण्ड के लिये रवाना हुए। पूरे मार्ग को जगह-जगह वन्दनद्वारों से सजाया गया था। सैंकड़ों की तादाद में विभिन्न समुदायों, व्यापारियों, संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शासकीय विभागों के कर्मचारियों, समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रतिनिधियों के समूह द्वारा स्टॉल सजाकर स्वागत द्वार बनाये गये। सभी ने मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ पर पुष्प वर्षा के साथ ही माल्यार्पण कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि जनता घोषणाओं से थक चुकी है। इसलिये अब वह कोई घोषणा नहीं करेंगे। होने वाले कार्यों की संपूर्ण जानकारी जिम्मेदार अधिकारी देंगे और कार्य के पूरा होने की समय-सीमा भी बतायेंगे।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा है कि किसानों, युवाओं और महिलाओं के हितों के संरक्षण और विकास के लिये मध्यप्रदेश सरकार सदैव तत्पर रहेगी। उनकी चुनौतियाँ अब हमारी होंगी। प्रदेश में कृषि आधारित अर्थ-व्यवस्था को मजबूत किया जायेगा। युवाओं के लिये बेहतर रोजगार, महिलाओं की उन्नति और सुरक्षित वातावरण निर्माण के लिये राज्य सरकार वचनबध्द है।

मुख्यमंत्री श्री नाथ ने कहा कि पिछले चालीस वर्षों में छिंदवाड़ा विकास यात्रा में बहुत आगे निकल गया है। पहले यहाँ सड़कें, हाईवे, रेल लाईन नहीं थी, आज हैं। पातालकोट क्षेत्र के निवासी पहले सीमित कपड़े पहनते थे, आज वहाँ युवक जीन्स पहनते हैं। वहाँ अब बिजली, पानी, अस्पताल है। पहले छिंदवाड़ा में उद्योग नहीं थे, आज उद्योग-धन्धों की कमी नहीं हैं। युवाओं को रोजगार में स्थापित करने और उनके कौशल विकास के लिये प्रशिक्षण संस्थाओं की श्रृंखला है। ऐसी सुविधा पूरे विश्व में किसी एक जिले में नहीं है। श्री कमल नाथ ने कहा कि जो बल और शक्ति उन्हें प्रदेश के नागरिकों ने दी है, वह केवल छिंदवाड़ा ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिये और हर नागरिक के सर्वांगीण विकास के लिये है। मध्यप्रदेश के नये इतिहास के सृजन के लिये है।
आभार सभा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री सुखदेव पांसे, विधायक सर्वश्री दीपक सक्सेना, विजय चौरे, निलेश उईके, सोहनलाल वाल्मीकी, सुनील उईके, कमलेश शाह और सुजीत चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किये। सभा में सिवनी और बैतूल जिलों के विधायक, अन्य जन-प्रतिनिधि, दूरदराज से बड़ी संख्या में आये ग्रामीणजन और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
from New India Times http://bit.ly/2GLeqCY



Social Plugin