ज्योतिष आचार्य मनोज शर्मा पर भाजपा नेता से 30 लाख की ठगी का आरोप | MP NEWS

ग्वालियर। ज्योतिष आचार्य ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिवनी-बालाघाट स्थित खदानों में 33 फीसदी की साझेदारी देने का झांसा देकर भाजपा नेता व उनके रिश्तेदार से 30 लाख रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद न तो कंपनी में साझेदार बनाया न ही रुपए वापस लैटाए। घटना आरपी कॉलोनी में फरवरी से दिसंबर 2018 की है। भाजपा नेता ने मामले की शिकायत पड़ाव थाना में की है। साथ ही ज्योतिष की आड़ में शहर के कई सम्भ्रांत लोगों को ठगने का आरोप भी लगाया है। भाजपा नेता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

थाटीपुर 61- शक्ति नगर निवासी विवेक सिंह (43) पुत्र डॉ. केएस तोमर भाजपा नेता हैं। साथ ही खदान का कारेबारी भी हैं। कुछ महीने वह किसी के सुझाव पर आरपी कॉलोनी निवासी ज्योतिष आचार्य मनोज शर्मा से मिले थे। वह अपनी कुंडली दिखाने के उद्देश्य से गए थे। उसके बाद मनोज से उनका अच्छा परिचय हो गया। फरवरी 2018 में ज्योतिष आचार्य मनोज शर्मा व उनके साथी प्रफुल्ल शर्मा ने विवेक सिंह को बताया कि उनके पास प्रदेश के शिवनी-बालाघाट में कई खदाने हैं। जिसमें यदि वह शेयर डालना चाहे तो वह बात कर सकते हैं। साथ ही ज्योतिष के हिसाब से भी शिवनी में खदान में लाभ बताया। इस पर विवेक भी उनकी बातों में आकर तैयार हो गए। 2 फरवरी को वह अपने रिश्तेदार दिल्ली निवासी महेन्द्र सिंह के साथ शिवनी पहुंचे। यहां लीज के लिए कई जगह दिखाई। जिसमें 5 खदान ग्रेनाइट के लिए दोनों पक्षों में सहमति बनी।

33 फीसदी का साझेदार बनाने का था वादा
सहमति बनने के बाद मनोज शर्मा और प्रफुल्ल शर्मा ने उनकी वर्षा-गंगा मैटल मिनरल प्रायवेट लिमिटेड कंपनी के माध्यम से लीज के लिए एप्लाई किया। साथ ही इस कंपनी में विवेक सिंह को 33 फीसदी और इतना ही उनके रिश्तेदार महेन्द्र सिंह को साझेदार बनाने की डील की थी। इसके बाद 12 फरवरी को आरपी कॉलोनी ज्योतिष आचार्य के घर जाकर 5 लाख रुपए दिए। दूसरी किश्त 31 मार्च 2018 को 25 लाख रुपए दिए। यह रुपए दिल्ली निवासी महेन्द्र सिंह ने विवेक के कहने पर इन्हें दिए। अप्रैल 2018 के पहले सप्ताह में कंपनी में साझेदार बनाना था, लेकिन न तो साझेदार बनाया न ही रुपए लौटाए। जब कई महीने गुजर गए तो भाजपा नेता विवेक सिंह ने मनोज के बारे में पता किया तब उन्हें पता लगा कि शहर के कई लोग इनके इसी तरह शिकार है। इसके बाद वह पड़ाव थाना पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने मनोज शर्मा और प्रफुल्ल शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) http://bit.ly/2AnVB37