इंदौर। उज्जैन में बड़ा बवाल हुआ है। पार्टी ने पहले विधायक मुकेश पंड्या को टिकट दिया फिर उनका नाम काटकर पूर्व विधायक उदयसिंह पंड्या के बेटे जितेंद्र पंड्या के नाम का ऐलान कर दिया। जब जितेंद्र पंडया रैली के साथ नामांकन फार्म जमा करने जा रहे थे, तभी टीवी पर न्यूज आई कि पार्टी ने जितेन्द्र का नाम काटकर संजय शर्मा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है। जितेन्द्र पंड्या रिटर्निंग आॅफिस पहुंचे तो पता चला कि पार्टी मेंडेड के साथ संजय शर्मा नामांकन फार्म जमा भी कर गए।
भाजपा ने शुक्रवार को ऐनवक्त पर बड़नगर से प्रत्याशी बदल दिया। जिससे हंगामा मच गया है| 5 नवंबर को जारी लिस्ट में मौजूदा विधायक मुकेश पंड्या का टिकट काटकर पूर्व विधायक उदयसिंह पंड्या के बेटे जितेंद्र पंड्या काे मौका दिया था। शुक्रवार को संजय शर्मा को टिकट दे दिया। शुक्रवार को जितेंद्र पंड्या नामांकन रैली की तैयारियों में जुटे हुए थे| वह अपनी पूरी तैयारी के साथ वकील व जिला पंचायत सदस्य जगदेव सिंह राठौर, जनपद सदस्य कुलदीप बना, चुनाव प्रबंधक जय प्रकाश त्रिवेदी, पूर्व नपाध्यक्ष नरेंद्र राठोर के साथ 11.35 बजे नामांकन दाखिल करने पहुंचे। नामांकन दाखिल करने के बाद जब वे रिटर्निंग आफिसर कार्यालय के बाहर आए तब तक हरिहर गार्डन में उनके तीन-चार हजार समर्थकों की भीड़ जुट गई थी। यहां से रैली निकालने के लिए वे पूर्व में ही परमिशन ले चुके थे। रैली शुरू हुई और विभिन्न मार्गों से होती हुई शिवाजी पथ पहुंची। यहां उन्होंने केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्धघाटन किया। तब तक दोपहर के 2.30 बज चुके थे। तभी टीवी चैनल के माध्यम से उन्हें पता चला कि पार्टी ने उनका टिकट काटकर संजय शर्मा को प्रत्याशी बना दिया हैं। इस खबर के बाद पंड्या के समर्थक भड़क गए।
इस खबर के बाद नाराज पंड्या पुन: रिटर्निंग आफिसर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने रिटर्निंग आफिसर से पूछताछ की| जिस पर पता चला कि एक और बी फार्म के साथ संजय शर्मा का नामांकन दाखिल हुआ है। इसके बाद वे लौट आए और उनके समर्थकों ने उज्जैन कार्यालय पहुंचकर तोड़फोड़ की। कुर्सी गमले फ्लेक्स सहित अन्य सामान फेंक दिया| कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष श्याम बंसल पर तीन करोड़ रुपए लेकर टिकट बदलने का आरोप भी लगाया| माधवनगर पुलिस ने पूर्व विधायक पंड्या, रामप्रसाद सहित 30 लोगों के खिलाफ धारा 188 के उल्लंघन की कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया।
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करें) या फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com
from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/2QxDldk

Social Plugin