हरदा/होशंगाबाद/रायसेन। कांग्रेस की सरकारों में कितने घपले-घोटाले हुए हैं। चाहे केंद्र हो या प्रदेश, इन्होंने हर जगह घोटाले ही घोटाले किए हैं। कांग्रेस के शासन के समय मंत्री मिस्टर 10 परसेंट कहलाते थे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्जे का बोझ किसी भी किसान के सीने पर नहीं रहने देंगे। भाजपा सरकार ने समाधान ऋण योजना शुरू की थी। इसके माध्यम से हमने किसानों के कर्जे माफ किए थे। हम किसी भी किसान को परेशान नहीं रहने देंगे। अब तक खूब दिया है और आगे भी देते रहेंगे।
मुख्यमंत्री गुरुवार को हरदा जिले की विधानसभा टिमरनी के रहटगांव में पार्टी प्रत्याशी संजय शाह, होशंगाबाद जिले की विधानसभा सिवनी-मालवा में प्रत्याशी प्रेमशंकर वर्मा, होशंगाबाद जिले की विधानसभा सोहागपुर में विजयपाल सिंह और रायसेन जिले की भोजपुर विधानसभा के बाड़ी में पार्टी प्रत्याशी सुरेंद्र पटवा के समर्थन में आयोजित सभाओं को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस बर्बाद करने वाली पार्टी, उसके भ्रमजाल में न फसें
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने मध्यप्रदेश को बर्बाद करने का काम किया है। इनकी सरकार ने मध्यप्रदेश में 54 वर्षों तक शासन किया है। इनके शासन में मध्यप्रदेश की सड़कों की क्या स्थिति थी। गड्ढों में सड़कें थीं। उनके जमाने में बिजली नहीं आती थी। कांग्रेस की सरकार में साढ़े सात लाख हेक्टेयर जमीन पर ही सिंचाई होती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने 41 लाख हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई करने की व्यवस्था की है। कांग्रेस आजकल भ्रम फैलाने का काम कर रही है। वे कह रहे हैं कि हम ये कर देंगे, वो कर देंगे, लेकिन करना कुछ नहीं है सिवाय बातों के। मुख्यमंत्री कहा कि इन्होंने पंजाब और कर्नाटक में किसानों से वादा किया था कि सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफ करेंगे, लेकिन अब तक माफ नहीं हुआ है। अब मध्यप्रदेश के किसानों से भी वादा कर रहे हैं कि सरकार आते ही 10 दिनों में कर्जा माफ कर देंगे, लेकिन इनके भ्रमजाल में फंसना नहीं है।
जनता का साथ क्या निभाएंगे कांग्रेस के परदेशी नेता
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता तो परदेशी हैं। कमलनाथ कलकत्ता से आकर यहां बस गए, कभी-कभार छिंदवाड़ा आ जाते हैं और बाकी समय दिल्ली में रहते हैं। इनको क्या पता कि मध्यप्रदेश के किसानों की क्या समस्याएं हैं। राहुल बाबा ज्यादातर समय विदेश में रहते हैं और जब दिल्ली में रहते हैं तो वहां से आकर प्रदेश के किसानों की बातें करते हैं। उनको तो यह भी पता नहीं कि प्याज कहां उगती है। वे क्या मध्यप्रदेश के किसानों की समस्याओं को समाप्त करेंगे। ये तो परदेशी हैं ये साथ क्या निभाएंगे।
अखंड भ्रष्टाचार में डूबे हैं कांग्रेस
मुख्यमंत्री ने सभाओं के दौरान कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि चाहे मध्यप्रदेश हो या देश, जब इनका शासन था तो अखंड भ्रष्टाचार में डूबी थी कांग्रेस। जमीन, आसमान में घोटाले ही घोटाले थे। टूजी, थ्रीजी, जीजाजी, कोयला घोटाला और न जाने कितने घोटाले किए हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को भी कांग्रेस की सरकार ने बर्बाद कर दिया था, लेकिन हमने 15 सालों में इसे फिर आबाद करने का काम किया है।
from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/2R2HhTR

Social Plugin