भोपाल। कल तक किसानों का साथी युवा नेता आज कांग्रेस का चर्चित नेता बन गया। इससे पहले वो समाजवादी पार्टी में पार्टटाइम राजनीति कर आए। अखिलेश यादव ने बड़े गर्व से अर्जुन को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। आज अर्जुन ने सपा का टिकट लौटा दिया। माना जा रहा है कि अर्जुन कांग्रेस के टिकट पर शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। अब अर्जुन आर्य को दिग्विजय सिंह का आशीर्वाद प्राप्त हो गया है।
शनिवार को अखिलेश यादव ने कांग्रेस से गठबंधन से इनकार करते हुए मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए छह नामों की घोषणा की थी। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के चुनाव क्षेत्र बुदनी से अर्जुन आर्य को प्रत्याशी बनाया था। स्वभाविक है इससे पहले अर्जुन और अखिलेश यादव की बात हो गई होगी परंतु रविवार को अर्जुन ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। सपा के टिकट से चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद आज अर्जुन ने एक वीडियो भी जारी किया है। जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को खुला चैलेंज दिया है।
कौन है अर्जुन आर्य
अर्जुन आर्य बुदनी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के खिलाफ आंदोलन चला रहे हैं। अर्जुन दिल्ली विश्वविधालय से पढ़ाई करके बुदनी लौटे हैं। उन्हे शुरू से ही राजनीति का शौक है। वो अखिलेश यादव सहित कई नेताओं से मिल चुके हैं। बुदनी में किसान आंदोलन चलाकर वो सुर्खियों में आए। पुलिस ने उन्हे उपवास करते समय आधीरात को गिरफ्तार कर भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद कर दिया था। पिछले महीने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह सेंट्रल जेल में अर्जुन आर्य से मिलने गए थे। बताया जा रहा है कि दिग्विजय सिंह ने ही उनकी जमानत कराई थी।
भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस जैसे सशक्त हाथ की जरूरत है: अर्जुन आर्य
अर्जुन ने रविवार को जारी वीडियो में कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें बुदनी से टिकट दिया था। जिसे वह ससम्मान लौटा रहे हैं। आर्य ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस जैसे सशक्त हाथ की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व उन्हें शिवराज सिंह के खिलाफ जहां से भी चुनाव लड़ने कहेगा वो लड़ेंगे।
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करें) या फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com
from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/2E1YLxy

Social Plugin