भोपाल। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने दावा किया है कि 25 सितंबर को जंबूरी मैदान में होने जा रहा पार्टी कार्यकर्ताओं का महाकुंभ किसी भी राजनीतिक दल का विश्व में सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा। इसमें आने वाले कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल पर भोजन के साथ राजधानी के बाहर जाने वाले चार रास्तों पर भी खान-पान की व्यवस्था की गई है। उनका यह भी कहना है कि पूर्व में 2008 और 2013 को हुए महाकुंभ से यह बड़ा होगा।
सूत्रों की मानें तो इसमें सीहोर के शेरपुर में हुए किसान सम्मेलन और अमरकंटक में हुए कार्यक्रम के मुकाबले सर्वाधिक बसें लगेंगी। कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आ रहे हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस पूरे आयोजन में 50 करोड़ रुपए से अधिक राशि खर्च होगी। शुक्रवार को जंबूरी मैदान में कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे राकेश सिंह से जब मीडिया ने खर्च को लेकर सवाल किए तो उन्होंने उसे टाल दिया।
जनता के लिए नहीं बनी सड़क भाजपा के लिए बन गई
भेल क्षेत्र में जंबूरी मैदान तक जाने के लिए सड़क कुछ जगहों पर खराब है। लंबे समय से स्थानीय लोग इसे दुरुस्त करने की मांग कर रहे थे, जो पूरी नहीं हुई। अब भाजपा के कार्यक्रम के मद्देनजर इसे आनन-फानन में तेजी से बनाया जा रहा है।
10 हजार बसें आएंगी
इस बार 10 हजार बसों के आने की बात की जा रही है। चूंकि हर बूथ से 20 लोगों को लाने की बात की जा रही है यानी भोपाल आने में औसत 600 किमी बसें चलेंगी। इस हिसाब से 24 करोड़ खर्च बैठता है, लेकिन आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि इसका आधा यानी 12 करोड़ खर्च हो सकते हैं।
15 करोड़ का टेंट
डोम, टेंट, लाइट सिस्टम, मंच व्यवस्था, 40 से अधिक एलईडी और साउंड सिस्टम पर 15 करोड़ रुपए खर्च का अनुमान है। स्टेशन पर तमाम व्यवस्थाओं के साथ होर्डिंग्स व कैंपेन का व्यय भी शामिल हैं।
इलाकाई नेताओं के 10 हजार वाहन आएंगे
टिकटार्थियों के साथ-साथ अन्य नेता व कार्यकर्ता करीब 8 से 10 हजार व्यक्तिगत वाहनों से आएंगे। इस पर भी 7 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। आठ स्पेशल ट्रेनों से भी लोग आएंगे।
प्रति कार्यकर्ता 25 रुपए का भोजन
भाजपा का दावा है कि 10 लाख कार्यकर्ता आएंगे। यदि इसके आधे यानी 5 लाख लोगों के आने का भी अनुमान लगाया जाए और इनके भोजन के खर्च का आंकलन करें तो प्रतिव्यक्ति 50 रुपए व्यय होंगे। इस हिसाब से ढाई करोड़ रुपए लगेंगे। (मैन्यू: बालूशाही, छोले, सब्जी, रायता, पूड़ी और दाल-चावल)
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करें) या फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com
from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/2I3Di5D
Social Plugin