बिजली नहीं थी इसलिए जहर पी लिया। GWALIOR NEWS

GWALIOR: बारिश होने के कारण बिजली नहीं थी। महिला ने पेट में दर्द होने पर धोखे से दवा की जगह प्रिंटिंग में उपयोग होने वाला डिकोटर केमिकल पी लिया। कुछ देर बाद महिला की हालत बिगड़ी तो परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। घटना बुधवार रात हजीरा चार शहर का नाका नरसिंह नगर की है। अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है।

हजीरा थानाक्षेत्र के चार शहर का नाका स्थित नरसिंह नगर निवासी रघुवीर सिंह कुशवाह की प्रिंटिंग प्रेस है। घर पर वे पत्नी तारा (46) के साथ रहते हैं, जबकि उनके बच्चे दूसरे मकान में रहते हैं। बुधवार रात बारिश होने के कारण नरसिंह नगर क्षेत्र में 9 बजे से रात 11 बजे तक बिजली नहीं थी। रघुवीर अपने काम में व्यस्त थे। तारा के पेट में दर्द हो रहा था। तारा अलमारी से पेट दर्द की दवा लेने गईं पर धोखे से वह प्रिंटिंग में उपयोग होने वाला केमिकल डिकोटर की बोतल उठा लाईं। उन्होंने गिलास में डिकोटर निकाला और पी लिया।

कुछ देर बाद अचानक उनका पेट दर्द और बढ़ गया। जब उनकी हालत बिगड़ने लगी और उल्टियां हुईं तो उनके पति को पता लगा। जब चेक किया तो पता लगा कि उन्होंने दवा के चक्कर में केमिकल पी लिया है। जिसके बाद परिजन तत्काल तारा को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां कुछ देर इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की सूचना अस्पताल से हजीरा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/2K1DWQC